BIHAR NEWS : पटना नगर निगम में हड़ताल के बावजूद क्षेत्र में 100 वाहनों से हुआ डोर टू डोर कचरा उठाव
Patna : पटना नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई मजदूरों के एक वर्ग की हड़ताल के बावजूद राजधानी की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी है. निगम प्रशासन एक ओर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों से जनहित में शीघ्र कार्य पर लौटने की अपील कर रहा है,वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पर उपस्थित सफाई कर्मियों,निगम के अधिकारियों एवं उपलब्ध संसाधनों की सहायता से शहर में नियमित साफ-सफाई एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य लगातार जारी रखा गया है.
सोमवार की सुबह की पाली में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगभग 100 वाहनों के माध्यम से घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरे का संग्रहण किया गया. साथ ही,विशेष आवश्यकता वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त वाहनों की भी तैनाती की गई.
नूतन राजधानी अंचल में 23 डोर-टू-डोर वाहनों के माध्यम से जगदेव पथ,जयप्रकाश नगर,एस.के. पुरी,सचिवालय क्षेत्र,स्टेशन रोड,गर्दनीबाग सहित अन्य इलाकों से नियमित कचरा संग्रहण किया गया. मतगणना कार्य के दौरान ए.एन. कॉलेज परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अंचल प्रशासन द्वारा दो ओपन मैजिक वाहनों की विशेष तैनाती की गई. इन वाहनों के माध्यम से साफ-सफाई के दौरान एकत्रित कचरे का निरंतर उठाव कर निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया. वार्ड 28 के पार्षद विनय कुमार की सक्रिय पहल पर दो निजी ट्रैक्टर एवं नगर निगम के एक जेसीबी की सहायता से एग्जीबिशन रोड,गोरिया टोली एवं जमाल रोड स्थित कूड़ा प्वॉइंट की व्यापक सफाई कर वहां जमा कचरे का निष्पादन किया गया.
अजीमाबाद अंचल में 15 डोर टू डोर वाहनों से पठान टोली,नरकट घाट,लोहरवा घाट,अगमकुआं,शेरशाह पथ,मेहेंदीगंज,नवाब बहादुर रोड,एनएमसीएच रोड आदि क्षेत्रों से कचरा उठाव किया गया. पटना सिटी में 20 वाहनों द्वारा गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ,अशोक राजपथ,स्टेशन रोड समेत सभी प्रमुख स्थलों से कचरा उठाव किया गया. साथ ही पाटलिपुत्र अंचल में 28 डोर टू डोर वाहनों से सभी वार्डों में कचरा उठाव किया गया. वहीं,बांकीपुर में 13 में अशोक राजपथ,वैशाली गोलंबर समेत अन्य प्रमुख स्थलों से कचरा उठाव किया गया.
मानवबल एवं वाहन उपलब्ध नहीं कराने पर एजेंसियों पर अतिरिक्त ₹21.95 करोड़ का जुर्माना
नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने तथा अनुबंध की शर्तों के अनुरूप पर्याप्त मानवबल एवं वाहन उपलब्ध नहीं कराने के मामले में संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखी है.
दिनांक 1 अगस्त 2026 एवं 2 अगस्त 2026 को मानवबल की स्थिति अत्यंत नगण्य पाए जाने के कारण संबंधित एजेंसियों को लगातार दूसरे दिन शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है. साथ ही अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया गया है.
दिनांक 1 अगस्त 2026
वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड–₹4,63,200
एम4 सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड–₹3,52,500
मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज–₹11,06,41,100
दिनांक 2 अगस्त 2026
वर्चुअस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड–₹4,72,500
एम4 सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड–₹3,49,200
मॉर्यन कार्स ऑटो सर्विसेज–₹10,72,99,000
हड़ताल के कारण प्रभावित डोर-टू-डोर कचरा उठाव एवं सफाई व्यवस्था का शहर की स्वच्छता पर कम से कम दबाव पड़े इसके लिए पटना नगर निगम द्वारा सुरक्षा बलों की उपस्थिति में रात्रि में विशेष सघन सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान के तहत प्रमुख सड़कों,व्यावसायिक क्षेत्रों,अस्पतालों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई एवं कचरा निष्पादन का कार्य किया जा रहा है. प्रतिदिन औसतन 300 टन कचरे का उठाव एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है,ताकि हड़ताल के बावजूद शहर में कहीं भी कचरे का अंबार न लगे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





