BIHAR NEWS : प्रशांत किशोर को विधानसभा में नई जिम्मेदारी,पर्यटन उद्योग समिति के बने सदस्य
पटना: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर को बिहार विधानसभा में नई जिम्मेदारी मिली है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रशांत किशोर को पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का सदस्य बनाया गया है। उन्हें चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए समिति में शामिल किया गया है। वर्तमान में वित्तीय वर्ष की करीब सात महीने की अवधि शेष है।
प्रशांत किशोर के समिति में शामिल होने के बाद अब इस समिति में कुल 10 सदस्य हो गए हैं। समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह को दी गई है। समिति में प्रशांत किशोर के अलावा सुनील कुमार पिंटू, अनिल सिंह, वीरेंद्र कुमार, संजय सिंह, वशिष्ठ सिंह, रामानंद मंडल, बबलू कुमार और गौतम कृष्ण सदस्य हैं।
बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का महत्वपूर्ण काम राज्य में पर्यटन क्षेत्र के विकास से जुड़े मामलों की समीक्षा करना है। इसके साथ ही पर्यटन से जुड़े उद्योगों और संबंधित विभागों के कामकाज की भी समिति समीक्षा करती है। ऐसे में प्रशांत किशोर की इस समिति में सदस्य के तौर पर नियुक्ति को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बांकीपुर विधायक के रूप में विधानसभा में प्रशांत किशोर की यह जिम्मेदारी उन्हें राज्य के पर्यटन और उससे जुड़े उद्योगों के मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर देगी। समिति की बैठकों में पर्यटन क्षेत्र के विकास, संभावनाओं और उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। विधानसभा सचिवालय की अधिसूचना के बाद प्रशांत किशोर के लिए यह विधानसभा की महत्वपूर्ण समितियों में से एक में औपचारिक भूमिका होगी।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





