Hindi News / गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना नगर निगम की व्यापक...

BIHAR NEWS : गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना नगर निगम की व्यापक तैयारी

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : बिहार मंत्रिमंडल विस्तार एवं मंत्रीगणों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर गांधी मैदान में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा वर्षा की स्थिति में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने हेतु पटना नगर निगम द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई है. नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं निगम के सभी वरीय पदाधिकारियों की सतत निगरानी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.


कार्यक्रम स्थल पर 300 से अधिक सफाई कर्मी रहेंगे तैनात

शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व गांधी मैदान की गहन साफ-सफाई के लिए लगभग 40 सफाई कर्मियों को लगाया गया है. वहीं कार्यक्रम के दौरान परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने,पेयजल वितरण तथा जल निकासी की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 300 से अधिक सफाई कर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है.


50 टीमों का गठन, प्रभारी निरीक्षकों की निगरानी में होगा कार्य

नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नूतन राजधानी एवं पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों की निगरानी में विभिन्न वार्डों के प्रभारी सफाई निरीक्षक अपनी-अपनी टीमों के साथ गांधी मैदान में कार्यरत रहेंगे. सभी 50 प्रभारी निरीक्षकों को अपने वार्ड से पांच-पांच सफाई कर्मियों की टीम तैयार करने का निर्देश दिया गया है. चयनित सभी सफाई कर्मियों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे.


वर्षा की स्थिति में त्वरित जल निकासी की तैयारी

संभावित वर्षा को देखते हुए जल निकासी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. निगम द्वारा पांच सुपर सकर मशीनें तैनात की गई है,जिनमें से चार मशीनें गांधी मैदान परिसर के भीतर रहेंगी. इसके अलावा रामगुलाम चौक पर 83 एचपी एवं 10 एचपी के दो पंप सेट लगाए गए हैं. परिसर के भीतर 22 एचपी का एक तथा 10 एचपी के दो पंप सेट के साथ चार मिनी सक्शन मशीनों की भी व्यवस्था की गई है.

पेयजल की विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा के लिए पटना नगर निगम द्वारा चार “निगम नीर” वाहन एवं आठ वाटर टैंकर गांधी मैदान परिसर में लगाए जाएंगे. इसके अतिरिक्त गेट संख्या 7 एवं 10 पर स्थित स्थायी प्याऊ से भी निगम कर्मियों द्वारा लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा.


पिंक टॉयलेट एवं लू कैफे की सुविधा

आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में तीन पिंक टॉयलेट एवं पांच लू कैफे विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे. साथ ही गेट संख्या 7 के समीप स्थित ग्रीन टॉयलेट की नियमित साफ-सफाई के लिए भी निगम कर्मियों की तैनाती की गई है.


पटना नगर निगम द्वारा शपथ ग्रहण समारोह को सुव्यवस्थित,स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है. निगम प्रशासन का उद्देश्य समारोह में आने वाले सभी अतिथियों एवं आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा किसी भी आपात परिस्थिति से त्वरित रूप से निपटना है.


पटना से अंकिता की रिपोर्ट--