BIHAR NEWS : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भितिहरवा गांधी आश्रम किया भ्रमण, बापू को दी श्रद्धांजलि
नरकटियागंज : उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को पश्चिम चम्पारण जिले के ऐतिहासिक भितिहरवा गांधी आश्रम का दौरा किया. यह वही पवित्र स्थल है, जहां महात्मा गांधी ने चम्पारण सत्याग्रह का नेतृत्व किया था. उपराष्ट्रपति के आगमन पर भितिहरवा गांधी आश्रम में भव्य स्वागत किया गया.
सबसे पहले उपराष्ट्रपति ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने आश्रम स्थित मुख्य कुटिया का भ्रमण किया, जहां उन्होंने गांधी जी से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं और छायाचित्रों का अवलोकन किया.
भ्रमण के दौरान उपराष्ट्रपति ने संग्रहालय कक्ष 1 और 2 में लगे दुर्लभ छायाचित्रों को देखा और प्रार्थना कक्ष में जाकर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए.
साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया.
इसके पश्चात उपराष्ट्रपति ने संग्रहालय कक्ष 3 और 4 का भी अवलोकन किया और पूरे आश्रम परिसर का भ्रमण किया.
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज कर इस ऐतिहासिक स्थल के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की.
इस मौके पर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी मौजूद रहे.
वहीं जिला प्रशासन की ओर से जिला पदाधिकारी तरन जोत सिंह ने उपराष्ट्रपति सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया.
जहां उपराष्ट्रपति के दौरे ने एक बार फिर इस ऐतिहासिक स्थल की महत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर कर दिया है.
तो देखा आपने,कैसे देश के उपराष्ट्रपति ने बापू की कर्मभूमि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और इतिहास से जुड़े इस स्थल का अवलोकन किया.
नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट--





