BIHAR NEWS : स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं- स्वास्थ्य मंत्री निशांत
पटना:बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के प्राचार्य पद के अतिरिक्त प्रभार से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है. पीएमसीएच के प्राचार्य पद का अतिरिक्त प्रभार डॉ. गीता सिन्हा को सौंपा गया है,जबकि डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को इस दायित्व से तत्काल प्रभाव से मुक्त करते हुए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय बेतिया में प्राध्यापक के पद पर पदस्थापित किया गया है.
विभागीय कार्रवाई पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में जवाबदेही,अनुशासन और सुचारु प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम आगे भी उठाए जाते रहेंगे. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
डॉ. गीता सिन्हा वर्तमान में पटना मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें अगले आदेश तक पीएमसीएच के प्राचार्य पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
23 जून 2026 को पीएमसीएच में आयोजित मंत्री निशांत के एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह बिना किसी पूर्व सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के संस्थान से अनुपस्थित पाए गए थे. विभागीय अधिकारियों द्वारा संपर्क किए जाने पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया,जिससे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर आवश्यक विचार-विमर्श नहीं हो सका.
विभागीय सत्यापन में यह भी पाया गया कि कार्यालय अवधि के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने निजी क्लीनिक में मौजूद थे तथा उनके क्लीनिक के बाहर विभागीय सरकारी वाहन भी खड़ा था. स्वास्थ्य विभाग ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग एवं कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





