BIHAR NEWS : बिजली क्षेत्र में बिहार ने रचा नया इतिहास, रिकॉर्ड मांग की सफल आपूर्ति - ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार
पटना : बिहार ने विद्युत क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 24 जून 2026 को रात्रि 10:56 बजे 9,068 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक विद्युत मांग दर्ज की. राज्य की इस रिकॉर्ड मांग की सफल आपूर्ति बिहार विद्युत क्षेत्र की सभी इकाइयों द्वारा सुनिश्चित की गई.
उल्लेखनीय है कि रिकॉर्ड स्तर की मांग के बावजूद राज्यभर में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई गई. यह उपलब्धि ऊर्जा विभाग,बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड तथा इसकी सहयोगी कंपनियों द्वारा विद्युत उत्पादन,ट्रांसमिशन एवं वितरण अवसंरचना को लगातार सुदृढ़ बनाने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है.
इस अवसर पर बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि बिहार में बिजली की रिकॉर्ड मांग का सफलतापूर्वक पूरा किया जाना राज्य के ऊर्जा क्षेत्र की बढ़ती क्षमता और मजबूती का प्रमाण है.
उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ती बिजली खपत राज्य के आर्थिक विकास,औद्योगिक विस्तार,शहरीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जीवन स्तर का स्पष्ट संकेत है. राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक उपभोक्ता को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है. रिकॉर्ड मांग के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना ऊर्जा क्षेत्र की दक्षता को दर्शाता है.
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भविष्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के विकास पर विशेष बल दे रही है. आने वाले वर्षों में बिहार की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक,बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.) ने कहा कि 9,068 मेगावाट की रिकॉर्ड विद्युत मांग की सफल आपूर्ति बिहार विद्युत क्षेत्र की तकनीकी दक्षता,मजबूत अवसंरचना और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है. यह उपलब्धि राज्य की ट्रांसमिशन एवं वितरण प्रणाली की बढ़ी हुई क्षमता को भी दर्शाती है.
ग्राफ - वर्ष और बिजली की मांग
2015- 2831मेगावाट
2017- 3769मेगावाट
2019-5139मेगावाट
2021- 5932मेगावाट
2023-6778मेगावाट
2024-7576मेगावाट
2025-8752मेगावाट
24जून2026तक -9068मेगावाट
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट--





