BIHAR NEWS : पटना हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन चुनाव में पहले दिन 67 उम्मीदवारों ने किया नामांकन पत्र दाखिल
Patna : पटना हाईकोर्ट के सबसे बड़े अधिवक्ता संघ एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन 67 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया. 2 अप्रैल,2026 को नामांकन पत्र दायर करने का अंतिम दिन है. 3 अप्रैल,2026 को नामांकन पत्र का जांच किया जाना है.
आगामी 17 अप्रैल,2026 को होने वाले चुनाव में 5 हजार 2 सौ 62 अधिवक्ता मतदाता अपना मत देंगे. चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी और वरीय अधिवक्ता अंजनी कुमार ने बताया कि मत पत्रों में उम्मीदवार के नाम के अलावा उनका फोटो भी रहेगा.
उनका कहना था कि इस बार के चुनाव में मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं को अपने साथ संघ का पहचान पत्र लाना अनिवार्य है. जिनके पास पहचान पत्र नहीं है,वे लाइब्रेरी कार्ड के आधार पर वोट दे सकेंगे.
नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन भाजपा सहित कांग्रेस एवं अन्य दलों से संबंधित वकीलों ने नामांकन पत्र दाखिल किये. बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्र उर्फ गीता वाले बाबा ने संयुक्त सचिव के पद पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. वही कांग्रेस के विधि एवं मानवाधिकार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने उपाध्यक्ष पद पर नामांकन किये.
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता अरुण कुशवाहा ने भी नामांकन पत्र दाखिल किये हैं. अन्य दलों के सदस्य भी नामांकन पत्र दाखिल किये हैं.
पटना हाई कोर्ट के सबसे पुराने अधिवक्ता संघ एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव अब दिलचस्प दौर में पहुँच रहा है. पटना हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता योगेश चन्द्र वर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दायर कर अपनी उम्म्मीदवारी पेश कर दी है. ये पहले भी एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर चुनाव जीत चुके हैं.
एक अन्य वरीय अधिवक्ता राजेंद्र नारायण ने भी अध्यक्ष पद का नामांकन भरा है. एडवोकेट एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह भी अध्यक्ष पद की दावेदारी करेंगे.
इधर महासचिव पद के लिए वरीय अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्र ने अपना नामांकन आज भरा है. अधिवक्ता राजेश कुमार मिश्रा ने भी इस पद के लिए नामांकन भरा है.
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट--





