BIHAR NEWS : राष्ट्रीय महिला दिवस पर 253 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि डीबीटी से हस्तांतरित

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सपनों को सम्मान, परिश्रम को पहचान और आत्मनिर्भरता को नई उड़ान देना रहा. समारोह के दौरान कुल 253 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. साथ ही सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना के अंतर्गत चयनित महिला अभ्यर्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी उपस्थित रहीं.उनके करकमलों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए.इस अवसर परAfter Careमार्गदर्शिका एवं कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया तथा महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सामूहिक शपथ भी दिलाई गई.

समारोह के दौरान सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना के तहत71वीं बीपीएससी में चयनित755महिला अभ्यर्थियों के खातों में कुल₹3,77,50,000की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की गई.इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया गया.

नियोजन विवरण के अनुसार, राज्य बाल संरक्षण समिति, समाज कल्याण विभाग, पटना के अंतर्गत 106 अभ्यर्थियों तथा महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत 147 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. इनमें केस वर्कर, ओएससी काउंसलर, ओएससी पैरा लीगल, ओएससी पैरा मेडिकल एवं ओएससी डीईओ सहित कई पद शामिल हैं.

राज्य बाल संरक्षण समिति के अंतर्गत संविदा आधारित विभिन्न पदों—कार्यक्रम प्रबंधक,कार्यक्रम पदाधिकारी (ट्रेनिंग),लीगल कम प्रोवेशन पदाधिकारी,काउंसलर,डेटा एनालिस्ट,सामाजिक कार्यकर्ता,आउटरीच वर्कर,प्रोवेशन पदाधिकारी/केस वर्कर/बाल कल्याण पदाधिकारी,गृहपति/गृहमाता,पैरामेडिकल स्टाफ,नर्स एवं फिजियोथेरेपिस्ट—पर औपबंधिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों को जिम्मेदारी सौंपी गई.

अपने संबोधन में सचिव बन्दना प्रेयषी ने कहा कि यह आयोजन केवल रोजगार उपलब्ध कराने का कार्यक्रम नहीं,बल्कि संवेदनशील और जवाबदेह सेवा तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से समर्पण,संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को सहयोग प्रदान कर राज्य में महिला प्रतिभा और भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है.नव नियुक्त कर्मी जमीनी स्तर पर बदलाव के वाहक बनेंगे और जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों तक समय पर सहायता और संरक्षण पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे.

कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी,यूटीआई एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.स्वागत भाषण कार्यपालक निदेशक,महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा दिया गया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप सचिव द्वारा किया गया.

इसके अतिरिक्त,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में जागरूकता,सम्मान और लाभ वितरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट—