BIHAR NEWS : बिहार में गन्ना किसान अब 19 मार्च तक 50-60 फीसदी अनुदान पर खरीद सकेंगे यंत्र
पटना : बिहार में गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत जारी परमिट की तिथि को विस्तारित करते हुए 19 मार्च कर दिया गया है. तीसरे और चौथे रैंडमाइजेशन के तहत चयनित गन्ना किसान अब बढ़ाई गई तिथि तक यंत्रों की खरीद कर सकते हैं. पहले यह तिथि 3 मार्च तक ही निर्धारित की गई थी. यंत्र खरीदने के बाद गन्ना किसानों को डीबीटी के माध्यम से अनुदान की राशि भुगतान की जायेगी. विदित हो कि बिहार में गन्ना की खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के आदेश पर गन्ना उद्योग विभाग ने कई योजनाएं शुरू की है,जिसमें गन्ना यंत्रीकरण योजना भी शामिल है.
इस योजना के माध्यम से विभाग गन्ना किसानों को यंत्र खरीदने के लिए 50 से 60 फीसदी तक अनुदान देता है. ताकि गन्ना किसान खेत की तैयारी से लेकर फसल की कटाई में उपयोग होने वाले यंत्रों की खरीद कर सकें. बताया जाता है कि गन्ना उद्योग विभाग ने इस योजना में तीसरे और चौथे रैंडमाइजेशन के तहत चयनित 324 गन्ना किसानों को यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किया है. उस परमिट पर 3 मार्च तक यंत्र खरीदने के लिए तिथि निर्धारित की गई थी. इसके बाद विभाग ने योजना के वित्तीय लक्ष्य प्राप्त करने के साथ ही यंत्रों की खरीद में तेजी लाने के उद्देश्य से तिथि में विस्तार किया गया है,ताकि गन्ना किसान विभाग से मिले परमिट पर यंत्रों की खरीद कर सकें.
यंत्र खरीदने के लिए मिल रहा 50-60 प्रतिशत अनुदान
गन्ना किसानों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि स्वीकृति पत्र प्राप्त चयनित किसान सुमेक पोर्टल(https://sugarcanemech.bihar.gov.in)पर सूचीबद्ध विक्रेताओं को पूर्ण देय राशि का भुगतान कर यंत्र खरीद सकते हैं. यंत्र का सत्यापन पूर्ण होने के बाद अनुदान राशि का भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से संबंधित किसान के बैंक खाते में किया जायेगा. बता दें कि गन्ना उद्योग विभाग के माध्यम से यंत्रीकरण योजना के तहत खेत की तैयारी से लेकर गन्ने की कटाई में प्रयोग होने वाले डिस्क हैरो,पावर वीडर,पावर टीलर,लैंड लेवलर,लेजर लेवलर,रैटून मैनेजमेंट डिवाइस,रोटावेटर,मिनी ट्रैक्टर (4डब्लूडी),ट्रैक्टर माउंटेड हाइड्रॉलिक स्प्रेयर,शुगरकेन कटर प्लांटर एवं हाइड्रॉलिक डिस्क हैरो आदि यंत्रों की खरीद पर 50 से 60 फीसदी का अनुदान दिया जाता है,ताकि किसान अनुदानित दर पर इन आधुनिक यंत्रों की खरीद कर गन्ने की खेती बेहतर तरीके से कर सकें.





