BIHAR NEWS : गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय कुमार ने किया पदभार ग्रहण, अपर मुख्य सचिव ने किया स्वागत
पटना: बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार नेशुक्रवार को विधिवत् रूप से पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार,संयुक्त ईखायुक्त एवं विभागीय पदाधिकारियों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं शुभकामनाएँ दी गईं.
पदभार ग्रहण करने के उपरांत मंत्री ने विभागीय योजनाओं,कार्यप्रणाली तथा राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरोद्धार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों एवं कल्याण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है. विभागीय कार्यों में पारदर्शिता,जवाबदेही एवं तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देते हुए किसानों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा.
मंत्री ने विशेष रूप से बंद चीनी मिलों के पुनः संचालन एवं नई चीनी मिलों के परिचालन हेतु विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई किए जाने पर बल दिया,ताकि राज्य के गन्ना किसानों एवं चीनी उद्योग को नई गति मिल सके. साथ ही उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,समय पर ईख मूल्य भुगतान तथा किसानों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-





