BIHAR NEWS : पटना के गर्दनीबाग में राजस्व कर्मचारियों के समर्थन में प्रदर्शन, 17 सूत्री मांगों को लागू करने की उठी आवाज
पटना: बिहार में 17 सूत्री लिखित समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है. बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ द्वारा 11 फरवरी 2026 से शुरू किया गया सामूहिक अवकाश अब लंबा खिंचता जा रहा है. आंदोलन के 44वें दिन भी कर्मचारी अपनी मांगों पर अडिग हैं.
इसी कड़ी में आज महासंघ (गोप गुट) की पटना जिला इकाई ने राजधानी पटना के गर्दनीबाग में जोरदार प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 17 सूत्री मांगों को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार के साथ हुए लिखित समझौते को अब तक लागू नहीं किया गया है,जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया,तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
राजस्व कर्मचारियों के इस अवकाश आंदोलन का असर सरकारी कार्यों पर भी देखने को मिल रहा है. कई राजस्व संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं,जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
महासंघ के नेताओं ने सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकाला जाए,ताकि स्थिति सामान्य हो सके और सरकारी कामकाज फिर से सुचारू रूप से चल सके.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





