बिहार सरकार का बड़ा फैसला : पेंशन नियमों में बदलाव, अब सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर मिलेगी पेंशन
पटना:बिहार के लाखों रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने पेंशन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए एक नया नियम लागू किया है,जिससे अब पेंशन समय पर मिलने का रास्ता साफ हो गया है.
अब तक अक्सर यह शिकायत सामने आती थी कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन मिलने में काफी देरी होती है. इसका मुख्य कारण था कि विभागों की ओर से महालेखाकार कार्यालय को भेजे जाने वाले पेंशन फॉर्म अधूरे या गलत भरे हुए होते थे. ऐसी स्थिति में महालेखाकार कार्यालय को फाइलें वापस भेजनी पड़ती थी,जिससे पूरी प्रक्रिया लंबी और जटिल हो जाती थी.
इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने अब एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है. नए नियम के तहत,सभी विभागों को पेंशन फॉर्म के साथ एक अनिवार्य चेकलिस्ट संलग्न करनी होगी. इस चेकलिस्ट के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी पूरी तरह सही और संपूर्ण हों. इससे फाइलों में गलती की संभावना काफी कम हो जाएगी.
सरकार का मानना है कि इस कदम से न सिर्फ पेंशन प्रक्रिया तेज होगी,बल्कि कर्मचारियों को समय पर उनका हक भी मिल सकेगा. लंबे समय से पेंशन के इंतजार में परेशान बुजुर्ग कर्मचारियों के लिए यह फैसला काफी राहत देने वाला साबित होगा.
इस नए सिस्टम के लागू होने के बाद विभागों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है. अब उन्हें हर दस्तावेज को सावधानीपूर्वक जांचकर ही आगे भेजना होगा. वहीं,महालेखाकार कार्यालय को भी अधूरी फाइलों की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा,जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुचारू हो सकेगी.
कुल मिलाकर,यह नया नियम पेंशन व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे पारदर्शिता बढ़ेगी,देरी कम होगी और रिटायर्ड कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी. बिहार सरकार का यह फैसला लाखों पेंशनभोगियों के लिए राहत और भरोसा दोनों लेकर आया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





