BIHAR NEWS : बांकीपुर में एनडीए की प्रचंड जीत तय, जनता विकास पर लगाएगी मुहर - संजय सरावगी
पटना: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई. प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा,लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी,हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने संयुक्त रूप से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा किया.
सभी नेताओं ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास,सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है तथा30जुलाई को एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन,मुख्यमंत्री और गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं के ऐतिहासिक रोड शो ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता का विश्वास पूरी तरह एनडीए के साथ है.
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने विधायक रहते हुए बांकीपुर में सड़क,आधारभूत संरचना,जनसुविधाओं और विकास के अनेक कार्य कर क्षेत्र की तस्वीर बदली है. यही कारण है कि रोड शो में लोगों का स्वतः उमड़ा जनसैलाब विकास पर अपनी मुहर लगा रहा था.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देते हैं,जबकि एनडीए हर दिन जनता के बीच रहकर काम करता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न विकास का एजेंडा है और न ही कोई सकारात्मक मुद्दा. जनता केवल विकास,सुशासन और विश्वास की राजनीति को समर्थन देगी. उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता इस बार पिछले सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाएगी.
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रशांत किशोर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वीडियो को एआई बताना उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा का परिणाम है. उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रमाण के इस तरह के आरोप लगाना पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है. यदि उनके पास कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक करें,अन्यथा उन्हें बिहार की जनता और नीतीश कुमार से माफी मांगनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि आज का बच्चा भी वास्तविक और एआई वीडियो का अंतर समझ सकता है. उन्होंने कहा कि बांकीपुर हमेशा से एनडीए का मजबूत गढ़ रहा है और नितिन नवीन के नेतृत्व में क्षेत्र का व्यापक विकास हुआ है. इस बार पार्टी ने एक बूथ अध्यक्ष जैसे समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है,जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है.
उन्होंने कहा कि2005के पहले और आज के विकसित पटना का अंतर हर नागरिक महसूस कर रहा है. जनता विकास के इस सफर को आगे बढ़ाने के लिए भारी मतों से एनडीए को विजयी बनाएगी.
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बांकीपुर में मुकाबला नहीं,बल्कि एनडीए की जीत की औपचारिकता शेष है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के चुनाव प्रचार से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में हैं और बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय हैं. जनता विकास और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे.
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि बांकीपुर का विकास पूरे बिहार के लिए एक उदाहरण बन चुका है. सड़क,पुल,आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी कार्यकर्ता पूरे समर्पण और उत्साह के साथ चुनाव अभियान में जुटे हैं तथा जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है.
उन्होंने विश्वास जताया कि यह जनसमर्थन मतदान के दिन ऐतिहासिक जनादेश में बदलेगा.
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि बांकीपुर की जनता नेविकास और सुशासन के पक्ष में अपना निर्णय कर लिया है. उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के प्रति जनता का जो स्नेह और विश्वास रहा है,वही समर्थन अब नीरज कुमार सिन्हा को मिल रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा नितिन नवीन की पिछली जीत के अंतर से भी अधिक मतों से विजय प्राप्त कर नया इतिहास रचेंगे.
उन्होंने कहा कि एनडीए की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत इस चुनाव में निर्णायक साबित होगी.
प्रेस वार्ता में भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल भी उपस्थित रहे.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट—





