बांकीपुर उपचुनाव : प्रचार थमा, बाहरी नेताओं को क्षेत्र छोड़ने का निर्देश, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त
पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर पूरी तरह रोक लागू हो गई है. अब किसी भी तरह की सभा, रैली और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने कहा कि जो नेता या प्रचारक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होगा. वहीं, प्रत्याशियों और उनके चुनाव एजेंट के वाहनों के लिए भी विशेष अनुमति लेना अनिवार्य होगा.
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रचार करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. रात के समय मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. पूरे क्षेत्र में लगातार वाहन जांच और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा के लिए 14 केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियों के साथ जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं.
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि मतदान के बाद एएन कॉलेज में वज्रगृह बनाया जाएगा, जहां सभी ईवीएम सुरक्षित रखी जाएंगी. इसे देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है. बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज जाने वाला मार्ग आम लोगों के लिए बंद रहेगा और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा. प्रशासन ने मतदाताओं से सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट--





