BIG NEWS : अरवल में तेज रफ्तार ट्रक ने दारोगा को कुचला, पटना एम्स में इलाज के दौरान मौत
अरवल : इस वक्त की बड़ी खबर अरवल से आ रही है, जहां सुखी बिगहा के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दारोगा को कुचल दिया. घटना के बाद गंभीर रुप से घायल दारोगा की इलाज के दौरान पटना एम्स में मौत हो गई. वहीं घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि 2021 बैच के दारोगा मनू कुमार गुरुवार को क्राइम मीटिंग में शामिल होने के लिए अरवल आ रहे थे. इसी दौरान अरवल के सुखी बिगहा के समीप तेज गति से आ रही ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल दारोगा को लोगों ने तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान पटना एम्स में दारोगा मनू कुमार ने दम तोड़ दिया. उनकी तैनाती शहर तेलपा थाना में थी. मृतक दारोगा रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के निवासी थे. उनके पिता का नाम तेज बहादुर है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है.
अरवल से बबलू सिन्हा की रिपोर्ट--





