BIG NEWS : EOU के नाम पर इंजीनियर को धमकाकर पैसे मांगना पड़ा भारी, दो ठेकेदार गिरफ्तार, असली EOU ने की बड़ी कार्रवाई
Patna : राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के नाम पर सरकारी अधिकारी को धमकाकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है. मामले मेंEOU ने कार्रवाई करते हुए दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह और अमित कुमार के रूप में हुई है. दोनों को संवेदक बताया जा रहा है.
आरोप है कि दोनों ने खुद को आर्थिक अपराध इकाई का अधिकारी बताकर लघु जल संसाधन विभाग के इंजीनियर को फोन किया. फोन पर विभागीय जांच और फाइल में कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे की मांग की गई. आरोपियों ने कथित तौर पर इंजीनियर को धमकी भी दी.
मामले की जानकारी मिलने के बाद विभागीय इंजीनियर ने आर्थिक अपराध इकाई में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार परEOU ने प्राथमिकी दर्ज की और पूरे मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तारी के बादEOU की टीम मनजीत सिंह और अमित कुमार से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों नेEOU के नाम का इस्तेमाल कर किसी अन्य अधिकारी या विभागीय कर्मचारी से भी पैसे की मांग की थी या नहीं.
सरकारी अधिकारियों को जांच के नाम पर धमकाकर अवैध वसूली करने के इस मामले ने प्रशासनिक महकमे में भी चिंता बढ़ा दी है.EOU पूरे नेटवर्क और आरोपियों के संभावित अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट --





