Hindi News / भागलपुर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार के साथ 5 गिरफ्तार...

BIG BREAKING : भागलपुर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार के साथ 5 गिरफ्तार

Edited By:  |
big breaking big breaking

भागलपुर: बड़ी खबर भागलपुर से है जहांपुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री में छापेमारी करते हुए मौके से भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार के साथ हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. वहीं इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया.

मामले में सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव स्थित मोहम्मद रिजवान के घर अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा है. सूचना के आधार पर शाहकुंड थाना पुलिस,भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार,हथियार बनाने के कई उपकरण और अन्य सामान बरामद किया. हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने मौके से मोहम्मद कासिम,मोहम्मद समीम,मोहम्मद मिराज,मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को पकड़ा है. इनमें चार आरोपी मुंगेर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं जबकि जब्बार मंसूरी शाहकुंड थाना क्षेत्र का निवासी है. सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही फरार आरोपी मोहम्मद रिजवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच में जुटी है.

भागलपुर से डबलू कुमार की रिपोर्ट