BIG BREAKING : बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने लिया नामांकन वापस
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP)के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला कर सभी को चौंका दिया है. उन्होंने अपने नामांकन पत्र को वापस लेने का ऐलान करते हुए कहा कि वह पारिवारिक कारणों से चुनावी मैदान से हट रहे हैं. उनके इस फैसले से बिहार की राजनीति,खासकर बांकीपुर सीट का चुनावी मुकाबला अचानक दिलचस्प हो गया है.
अभिषेक बंटी को भाजपा ने हाल ही में बांकीपुर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था. उन्होंने वरिष्ठ एनडीए नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन भी दाखिल किया था और पार्टी ने पूरी ताकत के साथ चुनावी अभियान शुरू कर दिया था. ऐसे में अचानक नामांकन वापस लेने के फैसले ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है.
अभिषेक बंटी ने कहा कि उनका यह फैसला पूरी तरह व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है. उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होने के नाते वह आगे भी संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे.
बांकीपुर सीट इस बार पहले से ही हाई-प्रोफाइल मानी जा रही है. यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है और यहां30जुलाई को मतदान होना है,जबकि मतगणना3अगस्त को होगी.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भाजपा इस सीट से नया उम्मीदवार उतारेगी या चुनावी रणनीति में कोई बड़ा बदलाव करेगी. अभिषेक बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद बांकीपुर का चुनावी समीकरण बदलता नजर आ रहा है और सभी की निगाहें भाजपा के अगले कदम पर टिक गई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





