BIG BREAKING : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर बने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री मंगलवार को फिर से जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए. आज सुबह 11 बजे नाम वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया. किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन वापस नहीं लेने या चुनौती न देने के कारण नीतीश कुमार का अध्यक्ष बनना औपचारिक रुप से सुनिश्चित हो गया. मंगलवार दोपहर 2.30 बजे जदयू के राष्ट्रीय कार्यालय में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई.
जनता दल यूनाइटेड के संगठनात्मक चुनाव में नीतीश कुमार को औपचारिक रुप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया. निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े ने उनके नाम की घोषणा की और चुनाव प्रमाण पत्र संजय गांधी को सौंपा गया जिसे उन्होंने ग्रहण किया. इस मौके पर संजय झा,ललन सिंह समेत पार्टी के सभी सांसद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. पार्टी कार्यालय में लड्डू खिलाकर खुशी मनाई गई.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2020 में खुद ही अध्यक्ष पद छोड़कर आरसीपी सिंह को यह दायित्व सौंप दी थी. बाद में आरसीपी सिंह के बाद ललन सिंह अध्यक्ष बने. लेकिन दिसंबर 2023 में ललन सिंह ने इस्तीफा दे दिया. इसके बाद एक बार फिर नीतीश कुमार ने पार्टी के अध्यक्ष पद संभाले और तब से वे ही अध्यक्ष हैं. ऐसे में इस बार फिर से उन्हें ही पार्टी के अध्यक्ष चुना गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





