बांकीपुर उपचुनाव पर घमासान : चुनाव प्रक्रिया में पटना पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल,निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से ठीक एक दिन पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पटना पुलिस और खासकर पटना एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना एसएसपी की ओर से जारी पत्र में दावा किया गया कि बाहरी लोगों को चुनावी माहौल खराब करने के आरोप में डिटेन किया गया,लेकिन जिन 54 लोगों को हिरासत में लिया गया,वे सभी स्थानीय निवासी हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने रात और तड़के सुबह लोगों के घरों में दबिश देकर उन्हें उठाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिरासत में लिए गए कुछ लोगों को भी मीडिया के सामने पेश किया गया,जिन्होंने अपना पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी हारती है तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया है कि जो लोग अपने घरों में सो रहे थे,वे धारा-144 का उल्लंघन कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर-22 में पुलिस ने खुलेआम लोगों को धमकाया और वोट डालने से रोकने की कोशिश की। नवल और नेहा नाम के स्थानीय लोगों ने भी मीडिया के सामने अपनी आप बीती सुनाई।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी के कितने लोगों को हिरासत में लिया गया, इसकी जानकारी प्रशासन क्यों नहीं दे रहा है।





