Hindi News / 21 जून को पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह

12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : 21 जून को पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह

Edited By:  |
12 wan anterrashtriya yog diwas 12 wan anterrashtriya yog diwas

पटना : राज्य आयुष समिति, स्वास्थ्य विभाग, बिहार द्वारा 21 जून 2026 को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पटना स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही लोक भवन, पटना एवं उच्च न्यायालय, पटना सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों और आयुष स्वास्थ्य संस्थानों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.


राज्य आयुष समिति,बिहार के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह योग दिवस के नोडल पदाधिकारी डॉ. धनंजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम“Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ आयु के लिए योग) निर्धारित की गई है. यह थीम बढ़ती आयु के साथ स्वस्थ,सक्रिय एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है.


उन्होंने बताया कि पटना में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं राम नाथ ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. इसके अतिरिक्त बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव की गरिमामयी उपस्थिति भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी. कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत करेंगे. वहीं,सांसद रविशंकर प्रसाद तथा विधायक संजय गुप्ता भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे.


डॉ. शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से राज्यभर में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम,जन-जागरूकता अभियान एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत विभिन्न सरकारी कार्यालयों,शैक्षणिक संस्थानों,आयुष केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा.


उन्होंने बताया कि गया जी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी,मुजफ्फरपुर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह,पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे तथा समस्तीपुर के उजियारपुर में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे.


डॉ. शर्मा ने कहा कि योग स्वस्थ बिहार के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है. नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है,बल्कि जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम,वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को कम करने तथा सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.


स्वास्थ्य विभाग ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ,संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं.