औरंगाबाद में SOG-10 की बड़ी कार्रवाई : हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के 4 आर्म्स तस्कर गिरफ्तार
BIHAR NEWS:बिहार पुलिस एसटीएफ एवं जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में औरंगाबाद में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG-10 को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आर्म्स तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.
SOG-10 को गुप्त सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिलों में अवैध हथियारों की बड़ी खेप की सप्लाई की जा रही है. इसी सूचना के आधार पर SOG-10 ने SOG-09, CHITA-02, DIU औरंगाबाद और गोह थाना पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर गोह-रफीगंज रोड स्थित डीहुरी बाजार के पास चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. उस वक्त सभी आरोपी तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन और 60 गोलियां बेचने की पिराक में था.
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्राणपुर गांव में छापेमारी कर दो देसी कार्बाइन, तीन कट्टा, .315 बोर की 55 गोलियां और 7.62 बोर की 104 गोलियां बरामद की. इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और दो खोखे भी जब्त किए गए हैं.
गिरफ्तार सभी आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में हथियार तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य जिलों में आपराधिक गतिविधियों से जुड़े तार खंगाल रही है. सभी आरोपियों को गोह थाना पुलिस के हवाले कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





