Hindi News / बेउर जेल में प्रशासन की बड़ी छापेमारी, नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान

BIG BREAKING : बेउर जेल में प्रशासन की बड़ी छापेमारी, नहीं मिला कोई आपत्तिजनक सामान

Edited By:  |
big breaking big breaking

Patna : पटना के बेउर जेल में शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी अभियान चलाया.जिला नियंत्रण कक्ष के एडीएम के नेतृत्व में कई डीएसपी,विभिन्न थानों की पुलिस तथा जिला बल के जवानों ने जेल के सभी वार्डों और खंडों की गहन तलाशी ली.

छापेमारी के दौरान जेल परिसर के प्रत्येक हिस्से की जांच की गई,लेकिन तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ.फुलवारीशरीफ के एसडीपीओ-1सुशील कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया और सभी वार्डों की सघन जांच की गई.हालांकि जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

सूत्रों के अनुसार,जेल में बंद कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या के बाद जेल प्रशासन को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आई थी.इन्हीं शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने जेल प्रशासन के सहयोग से विशेष छापेमारी कराई.सूत्रों का दावा है कि जेल अधीक्षक और उपाधीक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

बताया जा रहा है कि शिकायतों में जेल परिसर के भीतर कथित रूप से निजी दुकान चलाने,कैदियों को महंगी दरों पर सब्जी और सरसों तेल बेचने तथा पैसे के बदले विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे आरोप शामिल हैं.हालांकि इन आरोपों की अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और शिकायतों की सत्यता की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई.फिलहाल छापेमारी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिलने से जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है,जबकि शिकायतों की अलग से जांच किए जाने की संभावना बनी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--