Hindi News / सिटीजन फीडबैक में पटना देशभर में दूसरे स्थान पर, अब तक करीब साढ़े...

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 : सिटीजन फीडबैक में पटना देशभर में दूसरे स्थान पर, अब तक करीब साढ़े चार लाख नागरिकों ने दिया फीडबैक

Edited By:  |
swachha sarwekshan 2026 swachha sarwekshan 2026

पटना : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत आम जन से उनके शहर की साफ-सफाई की व्यवस्था पर फीडबैक लिया जा रहा है. फीडबैक देने के मामले में पटनावासी देशभर में दूसरे स्थान पर हैं. इसका सीधा असर सर्वेक्षण में पटना की रैंकिंग पर भी होगा. अब तक लगभग साढ़े चार लाख पटनावासियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपना बहुमूल्य फीडबैक दर्ज कराया है.

स्वच्छ भारत मिशन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सिटीजन फीडबैक में देश के शीर्ष पांच शहर इस प्रकार हैं—

• पहला स्थान: इंदौर (6,81,187 फीडबैक)

• दूसरा स्थान: पटना (4,49,689 फीडबैक)

• तीसरा स्थान: लखनऊ (4,39,075 फीडबैक)

• चौथा स्थान: प्रयागराज (3,62,752 फीडबैक)

• पांचवा स्थान: आगरा (3,59,671 फीडबैक)

मुख्यालय स्तर पर गठित 14 टीमें आम जन को कर रही जागरुक

सिटीजन फीडबैक अभियान को सफल बनाने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने वरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों और कंसल्टेंट्स की दो सदस्यीय कुल 13 टीमें गठित की हैं.

अभियान के दौरान सबसे अधिक उत्साह छात्रों में देखने को मिला. शहर के प्रमुख कोचिंग हब—बोरिंग रोड, मुसल्लाहपुर हाट, बाजार समिति और अशोक राजपथ स्थित कोचिंग संस्थानों एवं हॉस्टलों में बड़ी संख्या में छात्रों ने ऑन-द-स्पॉट फीडबैक दिया. इसके अलावा टीम द्वारा भीड़ भाड़ वाले इलाकों जैसे रेलवे स्टेशन, पार्क, चिड़ियाघर, मॉल, स्लम बस्तियों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर जा-जाकर लोगों को फीडबैक करने संबंधी आवश्यक डेमो भी दिया जा रहा है.

सर्वेक्षण में पूछे जा रहे हैं 13 महत्वपूर्ण सवाल

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नागरिकों से शहर की साफ-सफाई,कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े 13 सवाल पूछे जा रहे हैं. इन सवालों में घर-दुकान से कचरा उठाव,सूखा-गीला कचरा पृथक्करण,नियमित सफाई,सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता,सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति,आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle)सेंटर की जानकारी,शिकायत निवारण व्यवस्था आदि विषय शामिल हैं.

1. क्या आपके घर/दुकान से रोज़ाना कचरा उठाया जाता है?

2. क्या आपका घर/दुकान कचरे को फेंकने से पहले कम से कम सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करता है?

3. क्या कचरा उठाने वाला कचरा अलग-अलग तरीके से (कैटेगरी के अनुसार) उठाकर गाड़ी में डालता है,या उठाने/लोड करने के दौरान उसे मिला देता है?

4. क्या आपके इलाके में रोज़ाना झाड़ू लगाई जाती है?

5. आप अपने इलाके की साफ़-सफ़ाई को साफ़-सफ़ाई के मामले में कैसे रेट करेंगे?

6. आप अपने इलाके के आस-पास कितनी बार लावारिस कूड़े के ढेर या कचरे के ढेर देखते हैं?

7. आपके अनुसार स्थानीय प्रशासन मार्केट,बाज़ार,पार्क,गार्डन या दूसरी जगहों जैसी सार्वजनिक जगहों पर साफ़-सफ़ाई बनाए रखने में कितनी असरदार हैं?

8. क्या आप लोगों को खुलेआम सार्वजनिक जगहों पर या आस-पास शौच करते हुए देखते हैं?

9. आप अपने इलाके के सार्वजनिक शौचालय की सफाई और रख-रखाव से कितने संतुष्‍ट हैं?

10. क्या आप अपने शहर में वेस्ट मैनेजमेंट के लिए रिड्यूस,रीयूज़,रीसाइकल (RRR)सेंटर के बारे में जानते हैं?

11. जब आपके सीवर या सेप्टिक टैंक को सफाई की ज़रूरत होती है तो आप किससे संपर्क करते हैं?

12. आप लोकल अधिकारियों को सफ़ाई से जुड़ी समस्‍यायें (जैसे,कचरा फेंकना,कूड़ेदानों का ओवरफ्लो होना,साफ़-सफ़ाई की कमी) को कैसे बताते हैं?

13. आप शहर की सफ़ाई से संबंधित शिकायतों (जैसे,कचरा फेंकना,कूड़ेदानों का ओवरफ्लो होना) पर प्रतिक्रिया को कैसे रेट करेंगे?

कैसे दें फीडबैक?

नागरिक फीडबैक के लिए ऑनलाइन पोर्टलcf.sbmurban.org तैयार किया गया है. नागरिक अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन कर पूछे गए सवालों का जवाब भर सकते हैं तथा ओटीपी सत्यापन के बाद अपना फीडबैक सबमिट कर सकते हैं. एक फोन नंबर से एक ही फीडबैक दर्ज किया जा सकता है. केंद्रीय टीम द्वारा ऑन-फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान भी शहरवासियों से यही प्रश्न पूछे जाएंगे और उनके अंक स्वच्छ सर्वेक्षण के कुल स्कोर में जोड़े जाएंगे.

12,500 अंकों पर होगा मूल्यांकन

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत निकायों का मूल्यांकन कुल 12,500 अंकों के आधार पर किया जाएगा—

• सर्टिफिकेशन (ODF, Water Plus, Garbage Free City) –2,000 अंक

• ऑन-ग्राउंड असेसमेंट–9,500 अंक

• सिटीजन फीडबैक–1,000 अंक

स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना की रैंकिंग बेहतर करने की निगम एवं पटनावासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है. पटना नगर निगम सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने घर,मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें. कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग रखें,सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा खुले में कचरा फेंकने से बचें.

यदि कहीं कचरा उठाव,सफाई,नाले की सफाई या सार्वजनिक शौचालय से संबंधित कोई समस्या दिखाई देती है,तो उसकी शिकायत तुरंत पटना नगर निगम को दर्ज कराएं,ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. टोल फ्री नंबर 155304 एवं वॉट्सअप चैटबॉट 9264447449 के माध्यम से नि:शुल्क शिकायत दर्ज कराएं.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--