Hindi News / 22 मेडिकल छात्रों का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द,ED जांच में बड़ा खुलासा

रे-नीट घोटाला : 22 मेडिकल छात्रों का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द,ED जांच में बड़ा खुलासा

Edited By:  |
re-neet ghotala re-neet ghotala

पटना:देशभर में चर्चित रे-नीट (NEET-UG) पेपर लीक और परीक्षा धांधली मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी ने ऐसे 22 मेडिकल छात्रों की पहचान की है, जिनका मेडिकल रजिस्ट्रेशन अब रद्द करने की तैयारी है। ईडी ने इस संबंध में संबंधित मेडिकल कॉलेजों और विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना भेज दी है।

जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट में 17 लोग शामिल थे, जिनमें 10 मेडिकल छात्र भी हैं। इनमें कुछ छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, जबकि कुछ अभी पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा गिरोह में बायोमेट्रिक कर्मचारी और उनसे जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा में धांधली के लिए पहले से पूरी योजना बनाई जाती थी और अभ्यर्थियों से 5 लाख से 12 लाख रुपये तक की डील तय होती थी।

ईडी के अनुसार, एमबीबीएस पास कर चुके छात्र ही इस पूरे नेटवर्क को संचालित करते थे। वे मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे छात्रों को मोटी रकम का लालच देकर सॉल्वर और फर्जी अभ्यर्थियों की व्यवस्था करते थे। कई मामलों में पहले एडवांस राशि ली जाती थी और परिणाम आने के बाद बाकी रकम वसूली जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने बायोमेट्रिक सत्यापन में भी फर्जीवाड़ा किया। इसके लिए अलग से लोगों की व्यवस्था की गई थी ताकि असली अभ्यर्थी की जगह दूसरे व्यक्ति परीक्षा दे सकें। ईडी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

रे-नीट घोटाले में सामने आए इस बड़े खुलासे के बाद मेडिकल शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दोषी छात्रों का रजिस्ट्रेशन रद्द होने के साथ-साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी तेज होने की संभावना है।