BIHAR NEWS : पर्यावरण मंत्री ने पटना के सम्पतचक में किया नए डिग्री कॉलेज का उद्घाटन
पटना : पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने बुधवार को पटना के सम्पतचक (चैनपुर) स्थित नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया. इस अवसर पर डॉ. प्रसाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार सरकार उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. आज पूरे प्रदेश में 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा.
मंत्री डॉ. प्रसाद ने उद्घाटन समारोह में कहा कि इन नए डिग्री कॉलेजों के खुलने से बिहार में शैक्षणिक क्रांति आएगी. ग्रामीण युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे बेरोजगारी कम होगी, कौशल विकास बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे घर के पास ही डिग्री प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें. यह सिर्फ इमारतें नहीं, बल्कि सपनों का निर्माण है. इन कॉलेजों में आधुनिक पाठ्यक्रम, डिजिटल क्लासरूम और कुशल शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे छात्र प्रतिस्पर्धी युग के लिए तैयार होंगे. बिहार अब शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा. प्रदेश भर में इन 211 नए कॉलेजों के संचालन से हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा. विशेषकर दूरदराज के ब्लॉकों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ने से सामाजिक-आर्थिक असमानता कम होगी. सरकार का लक्ष्य है कि हर ब्लॉक में कम से कम एक डिग्री कॉलेज हो, ताकि कोई भी योग्य छात्र शिक्षा से वंचित न रहे.
इस मौके पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ उपेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदेश महामंत्री सरोज नंदन पटेल, राजकीय डिग्री कॉलेज चैनपुर के प्राचार्य डॉ. रिमझिम थील, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम मंजूर आलम, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संपतचक अनुज्ञा कुमारी समेत अन्य मौजूद थे.





