रांची डीसी ने की समीक्षा बैठक : मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के परिणामों पर जतायी नाराजगी,गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त
रांची:उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की. इसी क्रम में उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, छात्र नामांकन, शिक्षक उपस्थिति, आधार और APAAR अपडेशन, पीएम पोषण योजना, शिक्षक प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की. इस दौरान उपायुक्त ने 18 जून तक विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों और दिव्यांग बच्चों का विशेष नामांकन अभियान संचालित करने का निर्देश दिया.
शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश
रांची डीसी ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषयों के प्रदर्शन की नियमित मॉनिटरिंग के लिर विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया. APAAR ID निर्माण और लगभग 1.45 लाख विद्यार्थियों का आधार अपडेशन लंबित है. वहीं, स्प्लिट सिलेबस के प्रभावी क्रियान्वयन, 'मेरा विद्यालय निपुण' कार्यक्रम, स्कूल रेडीनेस गतिविधियों और उल्लास सर्वे की प्रगति की समीक्षा के दौरान डीसी ने सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करने का निर्देश दिया.
पठन-पाठन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों को किया जाएगाचिह्नित
मंजूनाथ भजंत्री ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा-10 और 12 के परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताया. उन्होंने 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि विद्यालयों की प्रगति और पठन-पाठन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए. साथ ही विषयवार आवश्यकता के अनुसार योग्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए. जिले में अब कोई अंदर परफॉर्मर शिक्षक नहीं रहना चाहिए. सभी शिक्षकों के कार्य निष्पादन की समीक्षा की जाएगी और बेहतर प्रदर्शन को प्रोत्साहित किया जाएगा.





