Hindi News / तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने में छूट रहा पसीना,NOC...

रांची : तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने में छूट रहा पसीना,NOC के लिए NHAI ने मांगा 32 करोड़

Edited By:  |
ranchi ranchi

रांची: शहरी जलापूर्ति योजना के तहत शहर के तिलता चौक से पिस्का मोड़ के बीच लगभग 10.42 किलोमीटर की राइजिंग पाइपलाइन बिछाने में झारखंड शहरी अवसंरचना विकास कंपनी लिमिटेड (Jharkhand Urban Infrastructure Development Company) का पसीना छूट रहा है. दरअसल, तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक की सड़क एनएचएआई (NHAI) की है. इस सड़क पर राइजिंग पाइपलाइन बिछाया गया तो NHAI की सड़क क्षतिग्रस्त हो जाएगी. वहीं, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कार्य या पुनर्निर्माण के लिए NHAI ने जुडको से 32 करोड़ रुपये की मांग की है. लेकिन,जब तक निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा NHAI से एनओसी नहीं मिलेगी काम शुरू हो पाना मुश्किल है.

राइजिंग पाइपलाइन बिछाने के लिए विभागीय निर्देश का इंतजार

वहीं, दूसरी ओर NHAI की शर्तों के तहत जुडको ने नगर विकास विभाग से 32 करोड़ रुपये राशि की मांग की है. पिछले एक साल इस मामले को लेकर जुडको की ओर से नगर विकास विभाग को कई बार पत्राचार किया गया,लेकिन अब तक ना तो राशि मिली और ना ही कोई निर्देश. नतीजा यह हुआ कि जुडको के अधिकारी तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने के लिए विभागीय निर्देश का इंतजार कर रहे हैं.

नगर विकास विभाग ने की NOC के लिए राशि माफ करने की मांग

तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने के लिए NOC के तहत NHAI के क्षेत्रीय परियोजना कार्यालय की ओर से 32 करोड़ रुपये की मांग के बाद नगर विकास विभाग की ओर से NHAI मुख्यालय को पत्र लिखा गया है. पत्र के माध्यम से NOC की शर्तों के तहत मांगी गई राशि को माफ करने की मांग की गई है. नगर विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि तिलता चौक से पिस्का मोड़ तक राइजिंग पाइपलाइन बिछाने के दौरान NHAI की सड़क टूट जाएगी या क्षतिग्रस्त हो जाएगी, टूटी सड़क या क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मती या पुनर्निर्माण का कार्य NHAI के माध्यम से ही कराया जाना बेहतर होगा. इसलिए NHAI मुख्यालय को पत्र लिखकर संबंधित राशि माफ (WAIVE) करने की मांग की गई है.