Hindi News / मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार,दो बिहार और एक हरियाणा का निवासी

महाराष्ट्र TET पेपर लीक : मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार,दो बिहार और एक हरियाणा का निवासी

Edited By:  |
maharashtra sikhak patrta pariksha maharashtra sikhak patrta pariksha

पटना:महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार को परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बिहार और एक हरियाणा का निवासी बताया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी महाराष्ट्र के ठाणे-भिवंडी क्षेत्र से की गई, जहां उनके पास से प्रश्नपत्र के चार सेट बरामद किए गए।

प्रश्नपत्र दिल्ली से पहुंचाया गया था महाराष्ट्र

जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र दिल्ली से महाराष्ट्र पहुंचाया गया था और इसे लगभग 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी थी। पुलिस का मानना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हो सकता है। मामले के तार बिहार, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।

पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड समस्तीपुर जिले का है रहने वाला

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला बिजेंद्र गुप्ता बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी जारी है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस रैकेट से जुड़े कई अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

महाराष्ट्र सरकार ने विशेष जांच दल का किया गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जांच के लिए टीमें बिहार, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में भेजी गई हैं। सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पेपर लीक कांड से लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ा असर

इस पेपर लीक कांड से लाखों अभ्यर्थियों पर असर पड़ा है और परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा तथा पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर SIT जांच और इस पूरे नेटवर्क के पर्दाफाश पर टिकी हुई है।