पलामू में NHAI और रैयतों में झड़प : NH-39 के निर्माण कार्य के दौरान भड़का हिंसा,मकानों को तोड़ने पहुंची थी टीम
पलामू: जिले के मेदिनीनगर में नेशनल हाईवे-39 के निर्माण कार्य के दौरान मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी स्थित वन विभाग के चेक नाका के पास गुरुवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया,जब स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. जानकारी के अनुसार,नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम जेसीबी मशीन के साथ सड़क निर्माण में बाधक बने मकानों को हटाने पहुंची थी. स्थानीय रैयतों ने इसका विरोध करते हुए पहले मुआवजा देने और उसके बाद ही मकान तोड़ने की मांग की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते पत्थरबाजी होने लगी.
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए किया लाठीचार्ज
ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी होने पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. इस हिंसक झड़प में कई ग्रामीण घायल हो गए. वहीं, जैप जवान राजमोहन सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी है,जबकि सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोटें आई है. दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं. घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही.
इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पहले ही BNSS की धारा 163 के तहत गुरुवार और शुक्रवार के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई थी.इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से हालात बिगड़ गए.फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.





