माध्यमिक शिक्षकों के लिए खुशखबरी : ई.आनंद पुष्कर ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से भेंट कर शिक्षकों को अविलंब प्रोन्नति की मांग की, मंत्री ने विभाग को दिया निर्देश
पटना :बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एन.डी.ए. प्रत्याशी ई.आनंद पुष्कर ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात कर पत्र देकर बिहार सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त अराजकीय अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को राजकीय/ राजकीयकृत माध्यमिक विद्यालयों के विशिष्ट शिक्षकों की भांति वेतन,भत्ते,पेंशनादि एवं अन्य वित्तीय सुविधाएं प्रदान करने के संबंध में एवं स्थानीय निकाय के माध्यमिक शिक्षक,विद्यालय अध्यापक (9-10)एवं विशिष्ट शिक्षकों (9-10)का उच्चत्तर माध्यमिक वर्ग (11-12)के शिक्षक के पद पर एवं उच्चत्तर माध्यमिक वर्ग (11-12)के शिक्षकों का वरीय उच्चत्तर माध्यमिक शिक्षक (11-12)के रूप में स्वस्थानिक अविलंब प्रोन्नति की लिखित मांग की है. साथ ही उन्होंने स्थानीय निकाय शिक्षक सेवाशर्त नियमावली-2020के अनुसार पूर्व से ही प्रावधानित वांछित योग्यताधारी व अनुभवी शिक्षकों का प्रधानाध्यापक के पद पर प्रोन्नति,फिक्सेशन सहित अतिशीघ्र भुगतान की मांग की है.
आनंद पुष्कर ने कहा कि इसके लिए राज्य स्तर पर एक डेड लाइन तय कर स्पष्ट विभागीय निर्देश जिलों को देने की आवश्यकता है ताकि एक समय सीमा के अन्दर ऐसे सभी शिक्षकों की प्रोन्नति के साथ फिक्सेशन करते हुए उन्हें वास्तविक रूप में आर्थिक लाभ दिया जा सके. आनंद पुष्कर द्वारा दिए गए पत्र पर ही मंत्री ने प्रोन्नति के लिए तत्काल कदम उठाए जाने हेतु विभाग को निर्देश दिया है. साथ ही अल्पसंख्यक के मुद्दे पर सकारात्मक कदम उठाए जाने का आश्वासन भी दिया है. पुष्कर के साथ बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व संयुक्त सचिव राजीव कुमार सिंह भी मौजूद थे.





