लापता युवक का शव बरामद : चतरा में नियोजनालय कार्यालय के पास मिली लाश,पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

Edited By:  |
lapata yuvak ka shaw bramad lapata yuvak ka shaw bramad

चतरा: शहर से सटे जयशंकर नगर सजना गांव निवासी 28 वर्षीय अनिश कुमार सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है. युवक का शव जिला नियोजनालय कार्यालय के पास से बरामद किया गया है. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. दोस्तों के साथ हुए पुरानी रंजिश में हत्या कर शव फेंकने की आशंका जतायी है. युवक पिछले पांच दिनों से लापता था. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस पर अनदेखा करने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार अनिश तीन मार्च की शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की,लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसकी पत्नी शीतल देवी ने सदर थाना में गुमशुदगी का आवेदन देकर पति की तलाश की गुहार लगाई थी. मृतक के भाई मनीष कुमार का आरोप है कि गुमशुदगी का आवेदन देने के लिए उन्हें थाना में चार से पांच घंटे तक भटकना पड़ा. इधर-उधर दौड़ाने के बाद काफी पैरवी के पश्चात ही आवेदन लिया गया. उनका कहना है कि पुलिस की ओर से केवल एसआईटी जांच का आश्वासन दिया गया, लेकिन मामले में कोई ठोस पहल नहीं की गई.

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

परिजनों के अनुसार युवक के लापता होने के दौरान उसका बैग और चप्पल बरामद हुआ था. इसके बावजूद कई बार आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कराने की मांग की गई, लेकिन प्रशासन ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई. परिजनों का कहना है कि दो दिन पूर्व वे उसी स्थान पर पहुंचे थे, जहां बाद में शव मिला, उस समय वहां कोई शव नहीं था. ऐसे में उन्हें आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को वहां लाकर फेंका गया है. मृतक के भाई ने राज्य सरकार, स्थानीय सांसद और विधायक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि कि यदि न्याय नहीं मिला और मामले में टालमटोल की गई तो वे मजबूर होकर हथियार उठाने को बाध्य होंगे.

पुलिस ने दी सफाई

वहीं, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी. इसी दौरान लापता युवक का शव मिलने की सूचना मिली,जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.