कोयलांचल में बढ़ी चुनावी सरगर्मी : मेयर प्रत्याशी दिलीप कुमार ने चलाया जनसंपर्क अभियान,कहा-स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त शहर बनाना लक्ष्य
धनबाद:नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. सभी मेयर पद के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. इसी क्रम में लोजपा (रामविलास) समर्थित मेयर प्रत्याशी दिलीप कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की और समर्थन मांगा.
जनसंपर्क अभियान के दौरान बस्ताकोला, भगतडीह, गोपाली चक, झरिया और लोडना आदि क्षेत्रों में घर-घर जाकर उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं. स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्याओं से अवगत कराया. कई स्थानों पर सड़कों की खराब स्थिति से लोगों को हो रही परेशानियों का भी जिक्र किया गया.
पत्रकारों से बातचीत में मेयर प्रत्याशीदिलीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा कि कोलांचल क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था करना पहला लक्ष्य होगा. साथ ही टूटी सड़कों का निर्माण, नालियों की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी.उन्होंने दावा किया है कि विकास के मुद्दे पर उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है.





