JHARKHAND NEWS : जेपीएससी प्रकरण पर गरमाई राजनीति: राज्यपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सियासी और सामाजिक पारा काफी चढ़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने गृह मंत्री को झारखंड की वर्तमान कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच विस्तार से चर्चा हुई.मुलाकात के दौरान मुख्य फोकस झारखंड लोक सेवा यानी जेपीएससी (JPSC) नियुक्ति परीक्षा विवाद पर रहा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने केंद्रीय गृह मंत्री को जेपीएससी परीक्षा मामले में सीआईडी (CID) द्वारा की जा रही जांच की अब तक की प्रगति से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट साझा की।
राज्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों के बाद से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज है। सरकार और आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच यह हाई-प्रोफाइल मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।एक तरफ जहां राजभवन और केंद्र स्तर पर बैठकों का दौर जारी है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में छात्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। राज्यपाल ने गृह मंत्री को राज्य के छात्र संगठनों द्वारा चलाए जा रहे लगातार प्रदर्शनों की भी पूरी जानकारी दी।राज्यपाल ने बताया कि जेपीएससी परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के विरोध में राज्य के युवा और छात्र पिछले नौ दिनों से सड़कों पर डटे हुए हैं और उनका आंदोलन लगातार जारी है।छात्रों की मुख्य मांगों में 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को पूरी तरह रद्द करना शामिल है। इसके अलावा, छात्र विवादित परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित की गईं जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) और अन्य सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष सीबीआई या उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।





