JHARKHAND NEWS : क्या JPSC-JSSC घोटाले में फंसेगें ये सफल अभ्यर्थी? CID जांच तेज
झारखंड में परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार के मामलों पर शिकंजा कसता जा रहा है। जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआईडी (CID) अब बेहद अहम मोड़ पर पहुंच गई है। जांच एजेंसी का फोकस अब उन डेढ़ दर्जन संदिग्ध अभ्यर्थियों पर है, जिन्होंने कथित तौर पर 'सेटिंग' के जरिए परीक्षा पास की थी। सीआईडी अब इन सभी के पैसों के लेन-देन यानी 'मनी ट्रेल' को खंगालने में जुटी है।
विभिन्न बैंकों को पत्र भेजे गए
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और छापेमारी के दौरान सीआईडी के हाथ कई अहम दस्तावेज लगे हैं। इन्हीं सुरागों के आधार पर एजेंसी ने अब उन अभ्यर्थियों के बैंक खातों का पूरा ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया है। इसके लिए विभिन्न बैंकों को पत्र भी भेजे गए हैं, ताकि यह साफ हो सके कि पैसों का यह खेल कहां से शुरू हुआ और किस-किस तक पहुंचा।
फर्जी नियुक्तियां कराए जाने के सुराग
शुरुआती जांच में जो आंकड़े सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। शुरुआती संकेतों के मुताबिक, अलग-अलग परीक्षाओं में लगभग 500 अभ्यर्थियों की नियुक्तियां फर्जी तरीके से कराए जाने के सुराग मिले हैं। और इस पूरे फर्जीवाड़े के एवज में 15 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध वसूली किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुल रही हैं, फर्जी नियुक्तियों का यह आंकड़ा और भी ज्यादा बढ़ सकता है। हालांकि, जांच एजेंसी की तरफ से अभी अंतिम और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
आपको बता दें कि जेपीएससी की विभिन्न परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद सरकार और अदालत के निर्देशों के तहत सीआईडी इस पूरे रैकेट की गहराई से पड़ताल कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह फर्जीवाड़ा आखिर किस-किस स्तर तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं।





