जमशेदपुर सदर अस्पताल का निरीक्षण : डीसी ने विभिन्न वार्डों का लिया जायजा,कहा-मरीजों को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता
जमशेदपुर: खासमहल स्थित सदर अस्पताल का उपायुक्त राजीव रंजन ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान डीसी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर का भी निरीक्षण किया,जहां काफी भीड़ देखने को मिली. उपायुक्त ने देखा कि काउंटर छोटा होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर को विस्तारित करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा, डीसी ने अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई. साथ ही, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई, ताकि कार्य में लापरवाही न हो सके.
उपायुक्त ने स्पष्ट लहजे में कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.





