धनबाद पुलिस की कार्रवाई : वासेपुर में कुख्यात प्रिंस खान के घर हुई कुर्की-जब्ती, बड़ी संख्या में रही पुलिस बल तैनात
धनबाद: जिले के वासेपुर इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के घर पहुंची. कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. पुलिस वाहन पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी. प्रशासन की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की.विधि-व्यवस्था प्रभारी नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार अपने-अपने दलबल के साथ मौके पर मौजूद रहे.
कोर्ट से जारी कुर्की-जब्ती के आदेश के तहत पहले से की गई कार्रवाई में कुछ हिस्से अधूरे रह गए थे. उसी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए मंगलवार को दोबारा टीम पहुंची. इस दौरान घर के छत पर लगा शेड उखाड़कर जब्त कर लिया गया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि कानूनी प्रक्रिया में किसी तरह की कमी न रहे.
किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके इसके लिएअतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. वहीं, विधि व्यवस्था डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के आवास पर छापेमारी की कार्रवाई की गई है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के निर्देशों का पालन करना उनकी प्राथमिकता है और उसी के तहत यह कदम उठाया गया है. फिलहाल वासेपुर क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन आगे भी कानून के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कह रहा है.





