सीएम सम्राट का सख्त निर्देश : हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो,शिकायतों का AI से त्वरित समाधान करें
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक की. यह बैठक ‘संकल्प’ सभागार, 1 अणे मार्ग स्थित लोक सेवक आवास में आयोजित की गई. सीएम ने हर घर तक शुद्ध पेयजल की निरंतर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं. बैठक में विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी.

पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों कीत्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि“हर घर नल का जल” योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की समय-सीमा को सुबह और शाम एक-एक घंटा बढ़ाया जाए,ताकि लोगों को पर्याप्त और निरंतर जल उपलब्ध हो सके. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और इसके लिए आधुनिक तकनीक जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी उपयोग किया जाए.
मुख्यमंत्री ने पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि हर दो से तीन माह पर पंचायतवार जांच कराई जाए, ताकि पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके. इसके साथ ही वार्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करने को भी कहा गया.
ग्रामीण क्षेत्रों मेंपानी की समस्या दूर करने पर विशेष जोर
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां 30 जून से पहले नए चापाकल लगाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या न हो. साथ ही भू-जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और भू-जल स्तर की लगातार मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया गया.
हर नागरिक तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचानाप्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.





