Hindi News / तस्कर के साथ सादे लिबास में युवक को निजि कार में उठाने का...

चतरा में तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड : तस्कर के साथ सादे लिबास में युवक को निजि कार में उठाने का प्रयास,वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

Edited By:  |
chatra mein teen policekarmi suspend chatra mein teen policekarmi suspend

चतरा:जिले में एक बार फिर भ्रष्टाचार के विरुद्ध खबर का बड़ा असर हुआ है.गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरि है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने इन सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने कार्रवाई की है.सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.जांच रिपोर्ट में तीनों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए हैं.

आधिकारिक प्रक्रिया नहीं अपनाने का आरोप

गौरतलब है कि मामला करीब एक सप्ताह पहले का है. जहां राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव में एक ब्लू रंग की कार (JH02BF3806) से सादे लिबास में पहुंचे गिद्धौर थाना प्रभारी ने मुंशी और ऑपरेटर के साथ मिलकर संदीप दांगी नाम के युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया था, लेकिन कार्रवाई के दौरान उन्होंने कोई स्पष्ट आधिकारिक प्रक्रिया नहीं अपनाया था. इसी को लेकर संदीप के परिजनों और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था और थाना प्रभारी के अवैध कार्रवाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था.

युवक के साथमारपीट के बाद फरार होने का भी आरोप

युवक पर ड्रग्स कारोबार का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट भी की गई थी. जिससे वह घायल हो गया था. गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव और अन्य पुलिसकर्मियों के राजपुर थाना क्षेत्र में इस गैर कानूनी कृत से ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे. स्थिति बिगड़ता देख थाना प्रभारी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए थे.थाना प्रभारी के इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. जिसके बाद एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को जांच के आदेश दिये थे.

आपराधिक किस्म के शख्स के साथ सांठ-गांठ

सबसे चौंकाने वाली बात तो यह सामने आई है कि जिस निजी कार से थाना प्रभारी दूसरे थाना क्षेत्र में सादे लिबास में पहुंचे थे, उसे कोई पुलिस विभाग का चालक नहीं बल्कि एक कथित आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति चला रहा था. बिट्टू दांगी नाम के वह युवक अफीम व और पशु तस्करी समेत कई गंभीर मामलों में पहले जेल जा चुका है.