चैत्र नवरात्र : बाबानगरी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब,ज्योतिर्लिंग और मां दुर्गा की हुई विशेष पूजा-अर्चना
देवघर: विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें हैं. “जय माता दी” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा है.
कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान
चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन पारंपरिक विधि-विधान से कलश स्थापना की गई, जिसके साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले विशेष अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई. पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई. नवरात्र के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की तांत्रिक विधि से विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है. साथ ही मां पार्वती की भी श्रद्धाभाव से आराधना हो रही है. यह धाम इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह एक साथ ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ दोनों के रूप में विख्यात है, जिससे इसकी धार्मिक महत्ता और बढ़ जाती है.
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़, प्रशासन अलर्ट
चैत्र नवरात्र के अवसर पर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु देवघर पहुंच रहे हैं. आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है.
भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ बाबाधाम
चैत्र नवरात्र के साथ ही बाबा बैद्यनाथ धाम भक्ति और उल्लास में डूब गया है. श्रद्धालु मां दुर्गा और भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं,जिससे पूरा देवघर धार्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आ रहा है.





