Hindi News / राज्यपाल, स्पीकर और विधानसभा उपाध्यक्ष ने कार्यक्रम का किया उद्घाटन

बिहार विधानसभा में देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता : राज्यपाल, स्पीकर और विधानसभा उपाध्यक्ष ने कार्यक्रम का किया उद्घाटन

Edited By:  |
bihar vidhansabha mai deshbhakti samuh geet pratiyogita bihar vidhansabha mai deshbhakti samuh geet pratiyogita

पटना : बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन में शनिवार को80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस गरिमामयी कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) सैयद अता हसनैन, विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) सैयद अता हसनैन ने कहा कि देशभक्ति को सम्मान देने के तौर-तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन गीत, नृत्य और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय भावना को जागृत किया जा सकता है. उन्होंने सेना के ड्रम और ब्रास बैंड के संगीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव होता है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमारी सेना द्वारा ऊंचे शिखरों और नियंत्रण रेखा पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति को उजागर करने की अद्भुत परंपरा है. अपने कार्यकाल के संस्मरणों को साझा करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, स्वतंत्रता के बाद के कालखंड और वर्तमान समय में राष्ट्रसेवा में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका व बलिदानियों को याद किया. उन्होंने गलवान घाटी में बिहार के जवानों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता.

राज्यपाल ने वर्ष1963और1964की देशभक्ति फिल्मों'शहीद' व'हकीकत' तथा'मिस्टर भारत कुमार' के नाम से प्रख्यात अभिनेता मनोज कुमार का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने सभी से ऐसी फिल्में देखने और नई पीढ़ी को देशभक्ति की कहानियों से अवगत कराने की प्रेरणा दी.'स्वच्छ भारत अभियान' की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर आस-पड़ोस की सफाई जैसे सामाजिक कार्य कर अपना राष्ट्रधर्म निभाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना'टीबी मुक्त बिहार' से जुड़ने का आह्वान किया और साझा किया कि वे अपने स्तर से प्रति माह51लोगों को पौष्टिक आहार वितरित करते हैं.

उन्होंने इस अनूठे आयोजन के लिए विधान सभा अध्यक्ष और सभा सचिवालय के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, "जब सीमा पर तिरंगा शान से लहराता है तो दुश्मनों की रूह कांप उठती है, हमारे तिरंगे जैसा कोई दूसरा झंडा नहीं है." इससे पूर्व बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने अतिथियों का80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वागत करते हुए कहा किआज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और भावनाओं से भरा हुआ है. स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर पहली बार सभा सचिवालय की महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है.

बिहार विधान सभा सचिवालय की यह पहल हमारी महिला शक्ति की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने का एक सार्थक प्रयास है. कार्यक्रम के दौरान गया जी की'जस्ट डांस एकेडमी' की टीम द्वारा भी डांस की प्रस्तुति अत्यंत मनमोहक रही, जिनकी सहभागिता से कार्यक्रम और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बनाया. उन्होंने देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता की सभी प्रतिभागियों उनकी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति की भूरि भूरि प्रशंसा की.

अध्यक्ष ने कहा कि विविध प्रकार के देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति में भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति भावनाओं को अभिव्यक्ति साकार हुआ. उन्होंने आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी संकल्प लें कि हम अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत करेंगे तथा एक सशक्त, समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे. इसके बाद तीन समूहों आए महिला प्रतिभागी ने देशभक्ति, सेना के पराक्रम और शहीदों के वीर गाथा के गीतों से शमां बांध दिया.

राजीव रंजन की रिपोर्ट-