Hindi News / खालिस्तान समर्थक ने भेजा ई-मेल,सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बिहार सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी : खालिस्तान समर्थक ने भेजा ई-मेल,सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Edited By:  |
bihar sachivalya ko bomb se udane ki dhamki bihar sachivalya ko bomb se udane ki dhamki

पटना:बिहार सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.जानकारी के अनुसार,सचिवालय को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया,जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह ई-मेल खुद को खालिस्तान समर्थक बताने वाले व्यक्ति या समूह की ओर से भेजा गया है.हालांकि, इसकी प्रामाणिकता की जांच अभी जारी है.

धमकी की सूचना परसुरक्षा एजेंसियां सक्रिय

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, विशेष शाखा और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सचिवालय परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई और आने-जाने वालों की सघन जांच शुरू कर दी गई. परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया। अधिकारियों ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.

जांच की जिम्मेदारी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड को सौंपी गई

मामले की जांच की जिम्मेदारी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) को सौंपी गई है. एटीएस की टीम ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साइबर विशेषज्ञ भी ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की पड़ताल में जुटे हैं।

संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं

पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की साजिश के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रही जांच

फिलहाल सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।