BIHAR POLITICS : तेजस्वी यादव ने दागे सरकार पर कई सवाल,कहा-राज्य की आर्थिक स्थिति हुई खराब
पटना: RJD प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है.उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है और सरकार के पास कर्मचारियों और शिक्षकों को वेतन देने तक के लिए पर्याप्त राशि नहीं है.
'मुख्यमंत्री को आपात निधि से 3607 करोड़ निकालने पड़े'
तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को आपात निधि से 3607 करोड़ रुपये निकालने पड़े हैं. उन्होंने दावा किया है कि केंद्र सरकार से बिहार को मिलने वाला अपेक्षित फंड भी नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में कई घोटाले सामने आए हैं, लेकिन अब तक उनकी निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई है.
नेता प्रतिपक्ष ने उठायाटेंडर घोटाले का मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने टेंडर घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को पूरे मामले की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए. उन्होंने सवाल किया है कि टेंडर प्रक्रिया में किस तरह काम हुआ,कितनी राशि का आवंटन हुआ और किन लोगों को इसका लाभ मिला. उन्होंने आरोप लगाया है कि मामले में शामिल बड़े अधिकारियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दावा कर रही है, जबकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है.





