बिहार पुलिस में फेरबदल : राज्य में कई IPS और DSP स्तर के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
पटना:बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है. इसे लेकर नई अधिसूचना जारी कर दी गई है. इस आदेश के तहत राज्य में कई IPS और DSP स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है.
जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2018 बैच के अधिकारी राम कृष्ण को पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), कटिहार से स्थानांतरित कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़ (पटना) बनाया गया है. वहीं, वर्ष 2022 बैच के अधिकारी आनंद कुमार सिंह को एसडीपीओ-1, बाढ़ से हटाकर पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है. इसके अलावा, उच्च न्यायालय सुरक्षा में तैनात विनोद राम को अगले आदेश तक बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं. वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से स्थानांतरित कर मद्य निषेध एवं एएनटीएफ में पुलिस उप-महानिरीक्षक बनाया गया है. वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को नवगछिया से हटाकर लखीसराय का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.
वहीं, वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार को मद्य निषेध एवं राज्य सम्पर्क नियंत्रण ब्यूरो, पटना से नवगछिया का एसपी बनाया गया है. वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित को लखीसराय एसपी पद से हटाकर बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में पुलिस अधीक्षक (कार्मिक-1) की जिम्मेदारी दी गई है.
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन पर योगदान सुनिश्चित करें.





