BIHAR NEWS : राशन कार्ड बनाने का महाअभियान शुरू,13 अगस्त तक बनेंगे 11 लाख से अधिक नए कार्ड
BIHAR NEWS:बिहार सरकार ने राज्य के पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के लिए राशन कार्ड बनाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार ने इसके लिए प्रतिदिन 36,814 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
अभियान मेंलापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलों के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही आवेदन के सत्यापन और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने पर भी जोर दिया गया है।
राजधानी में बनाए जाएंगेसबसे अधिकराशन कार्ड
जिलावार लक्ष्य भी तय कर दिए गए हैं। राजधानी पटना में सबसे अधिक 1.18 लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा वैशाली और मुजफ्फरपुर सहित कई बड़े जिलों को भी बड़ी संख्या में नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य मिला है। अभियान की नियमित निगरानी के लिए सभी जिलाधिकारियों को रोजाना प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
सभी पात्र परिवारों को लाभ देना सरकार का लक्ष्य
सरकार का कहना है कि इस विशेष अभियान से ऐसे सभी पात्र परिवारों को लाभ मिलेगा,जो अब तक राशन कार्ड से वंचित रहे हैं। अभियान के दौरान आवेदन की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
सस्ते अनाज और अन्य सरकारी सुविधाओं का मिल सकेगा लाभ
बिहार सरकार ने विश्वास जताया है कि अधिकारियों के सहयोग और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले सस्ते अनाज और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।





