BIHAR NEWS : भाजपा नेता अश्विनी चौबे मथुरा में बरगद वृक्ष के नीचे ध्यान करते आए नजर, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
NEWS DESK: पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार की राजनीति का बड़ा चेहरा रहे अश्विनी चौबे इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं. उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह मथुरा में बरगद के विशाल वृक्ष के नीचे ध्यान करते नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है और राजनीतिक गलियारों में भी इसकी चर्चा हो रही है.
अश्विनी चौबे ने स्वयं इस आध्यात्मिक प्रवास से जुड़ी जानकारी साझा की है. उनके अनुसार, उन्होंने मथुरा और ब्रज क्षेत्र में काफी समय बिताया तथा कई घंटों तक ध्यान साधना की. उन्होंने वहां के ग्रामीण जीवन को नजदीक से समझने का प्रयास किया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया. ब्रज की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ते हुए उन्होंने गोबर के उपलों से जुड़े ग्रामीण जीवन के पहलुओं को देखा और मोरों के मनमोहक नृत्य का भी आनंद लिया.
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में चौबे पूरी तरह आध्यात्मिक और शांत मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं. लंबे समय तक सक्रिय राजनीतिक जीवन बिताने वाले नेता की यह नई छवि लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. कुछ लोग इसे उनकी आध्यात्मिक यात्रा बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीति से इतर जीवन के एक नए पड़ाव के रूप में देख रहे हैं.
गौरतलब है कि अश्विनी चौबे बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली भूमिका निभाते रहे हैं. वह केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती है. हालांकि, वर्ष2024के लोकसभा चुनाव में उन्हें पार्टी की ओर से टिकट नहीं दिया गया था. इसके बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा थी कि वर्ष2025के विधानसभा चुनाव में उनके पुत्र को पार्टी उम्मीदवार बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा भी नहीं हो सका.
इसके बाद यह अटकलें भी लगाई गईं कि संगठन और सरकार में लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें किसी राज्य का राज्यपाल बनाया जा सकता है. हालांकि अब तक ऐसी कोई नियुक्ति नहीं हुई है. ऐसे में मथुरा से सामने आई उनकी ध्यान साधना की तस्वीरों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है.
फिलहाल, अश्विनी चौबे का यह आध्यात्मिक अंदाज सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है. राजनीति के मंच से अलग, ब्रज की धरती पर ध्यान और ग्रामीण जीवन के बीच बिताया गया उनका समय लोगों के लिए जिज्ञासा और चर्चा का विषय बना हुआ है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





