BIHAR NEWS : बिहार राज्य महिला आयोग ने महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान पर सांसद पप्पू यादव को भेजा नोटिस
पटना:बिहार राज्य महिला आयोग ने महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादवको नोटिस जारी किया है. राज्य महिला आयोग ने सांसद के द्वारा महिलाओं पर बयान पर स्वतः संज्ञान लिया है.सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई.आयोग ने बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है.नोटिस में बयान को“घृणित”करार दिया गया.राज्य महिला आयोग ने सांसद को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है.
बता दें कि सांसद पप्पू यादव ने घर से लेकर दफ्तर और सदन तक महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार का मामला उठाया. उन्होंने हाल ही में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि महिलाओं के साथ शोषण करने में राजनेता सबसे आगे हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका से लेकर भारत तक के नेताओं की महिलाओं पर गिद्ध दृष्टि हैं. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सांसद ने कहा कि स्कूल,कॉलेज से लेकर ऑफिस सब जगह बेटियों और महिलाओं के साथ शोषण हो रहा है. घरेलू हिंसा के जरिए भी उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है.
राज्य महिला आयोग ने सांसद के इस बयान को घृणित करार दिया. आयोग ने जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी.लोकसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा तक की बात कही गई है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने यह नोटिस जारी किया है. राजनीतिक क्षेत्र की महिलाओं पर टिप्पणी को गंभीर माना गया.बयान से महिलाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने की बात कही गई.मामले को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





