BIHAR NEWS : देश की सुरक्षा और लोकतंत्र के प्रहरी थे जॉर्ज फर्नांडिस - मंत्री श्रवण कुमार
पटना : सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बुधवार को स्व. जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती समारोह में शामिल हुए. मुजफ्फपुर स्थित सिटी पार्क में पूर्व केन्द्रीय रक्षामंत्री, प्रखर समाजवादी नेता, सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस साहब की जयंती राजकीय समारोह के तौर पर मनाई गई.
इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि श्रद्धेय जॉर्ज फर्नांडिस साहब मेरे करीबियों में एक थे. राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित जीवन को याद करते हुए कुमार ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस साहब एक निर्भीक और जनप्रिय नेता थे. उन्होंने आपातकाल के विरोध से लेकर, उद्योग, रेल और भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय तक, पोखरण-2 सफल परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में विजयी दिलाने जैसे देश की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने वाले ऐसे अनेक ऐतिहासिक कार्यों में अहम भूमिका अदा की हैं. इनके योगदान को राष्ट्र कभी भूला नहीं सकता. उनका सम्पूर्ण जीवन, लोकतंत्र, सामाजिक समानता और जनसेवा के आदर्शो का प्रतीक रहा है.
मंत्री श्रवण कुमार ने जॉर्ज फर्नांडिस की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया. मंत्री के साथ मीनापुर के विधायक अजय कुमार, रून्नी सैदपुर के विधायक पंकज मिश्रा ने भी पुष्प माला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, पुलिस अधीक्षक कंटेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्रेष्ट अनुपम, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, उप समाहर्ता विधि व्यवस्था सह विशेष कार्य पदाधिकारी सुधीर कुमार सिन्हा, जिला सूचना एवं जन-सम्पर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित जिला के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी पुष्प अर्पित कर स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस को श्रद्धांजलि दी.





