Hindi News / बिहार कृषि ऐप जल्द होगा अपग्रेड, किसानों को स्थानीय भाषाओं में भी मिलेगी...

BIHAR NEWS : बिहार कृषि ऐप जल्द होगा अपग्रेड, किसानों को स्थानीय भाषाओं में भी मिलेगी जानकारी

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:ग्रामीण स्तर पर कृषि डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के लिए बिहार कृषि ऐप के जरिए कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं. अब इसे अपग्रेड किया जाएगा. इस ऐप पर जल्द ही किसानों को हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं में भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. ऐप के जरिए सभी किसानों को सेवाएं घर बैठे आसानी से उपलब्ध कराई जा सकें, इसके लिए कृषि विभाग तेजी से प्रयास कर रहा है.

पिछले दिनों बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घोषणा की थी कि सभी पंचायतों में युवा किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे. युवाओं को प्रशिक्षित कर‘‘बिहारी डिजिटल कृषि योद्धा’’ के रूप में पहचान दिलाई जाएगी, जो अन्य किसानों को ऐप के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे. वहीं, अच्छा कार्य करने वाले बिहारी डिजिटल कृषि योद्धाओं को विभाग द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा.

साथ ही सर्वाधिक किसान पंजीकरण सुनिश्चित करने वाले शीर्ष5जिलों, 5प्रखंडों और5पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागीय कर्मियों को भी पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है. किसानों के बीच इस ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के सभी कृषि कार्यालयों में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे. बामेती के माध्यम से आयोजित होने वाले सभी प्रशिक्षण सत्रों में किसानों को ऐप की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी.

इस ऐप के जरिए किसान कृषि योजनाओं में कर सकते हैं आवेदन

ऐप के जरिए किसान उर्वरकों की उपलब्धता की रियल टाइम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. यह व्यवस्था कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाने में प्रभावी साबित हो रही है. साथ ही, यह किसानों के लिए एकीकृत योजना पोर्टल के तौर पर भी काम कर रहा है, जहां किसान ऐप के माध्यम से विभिन्न कृषि योजनाओं में आवेदन कर सकते हैं और उनकी स्थिति, अनुदान विवरण तथा स्वीकृति की वास्तविक समय पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.