BIHAR NEWS : बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए जिलों को फिर रिमाइंडर, 1 मिल के लिए 100 एकड़ भूमि जरुरी
पटना: राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना को लेकर गन्ना उद्योग विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग ने उन जिलाधिकारियों को फिर से रिमाइंडर भेजा है,जिन्होंने अब तक चीनी मिल के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराया है. सभी संबंधित जिलों को शीघ्र प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है.
विभागीय जानकारी के अनुसार,राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 योजना के तहत बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू करने के साथ-साथ 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का निर्णय लिया है. इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है,जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है.
सरकार ने प्रत्येक नई चीनी मिल के लिए लगभग 100 एकड़ भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया है. कुछ जिलों ने भूमि चयन कर प्रस्ताव विभाग को भेज दिया है,जबकि कई जिलों से अब तक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे जिलों को विभाग ने शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
सरकार की इस पहल से राज्य में चीनी उद्योग को नई गति मिलने और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.





